बिलासपुर। छत्तीसगढ़ का सराफा कारोबार महज सोने-चांदी के आभूषणों की खरीद-बिक्री का व्यवसाय नहीं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और दो लाख से अधिक परिवारों की आजीविका का बड़ा आधार है। प्रदेश में करीब 15 हजार पंजीकृत सराफा कारोबारी हैं और कारीगरी, पॉलिश, कटिंग, थोक एवं खुदरा व्यापार सहित इससे जुड़ी गतिविधियों में लाखों लोगों को रोजगार मिल रहा है। यह महत्वपूर्ण जानकारी छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने बिलासपुर प्रेस क्लब के कार्यक्रम ‘हमर पहुना’ में दी। उन्होंने राजनीति में आने की संभावनाओं पर कहा कि राजनीति भी सेवा का माध्यम है, लेकिन फिलहाल उनकी प्राथमिकता सराफा समाज और व्यापारियों को बेहतर नेतृत्व देना है।

अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि 21 वर्ष की उम्र में पीएससी की तैयारी के दौरान प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण कर ली थी, लेकिन मुख्य परीक्षा नहीं दी। व्यापारी परिवार से होने के कारण उन्होंने नौकरी की तैयारी के बजाय कारोबार और समाज के बीच रहकर कुछ अलग करने का रास्ता चुना। उन्होंने कहा कि सफलता सिर्फ सरकारी पद हासिल करने से तय नहीं होती, बल्कि जिस काम से संतुष्टि मिले और समाज के लिए योगदान दिया जा सके, वही वास्तविक सफलता है।

बाजार की बदहाल व्यवस्था पर उन्होंने व्यापारियों को भी आईना दिखाया। कमल सोनी ने कहा कि व्यापारी चाहते हैं कि ग्राहक चारपहिया वाहनों से सदर बाजार पहुंचें, लेकिन कई दुकानदार खुद सड़क पर अपनी गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। ऐसे में ग्राहकों के लिए रास्ता कैसे खुलेगा? उन्होंने बताया कि एसोसिएशन ने सदर बाजार में वर्षों से अनुपयोगी पड़ी जगहों और ट्रांसफार्मर के आसपास फैली गंदगी को साफ करवाकर पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की पहल की है।

उनका स्पष्ट कहना था कि शहर और बाजार को सुंदर बनाने की जिम्मेदारी सिर्फ नगर निगम या प्रशासन की नहीं, व्यापारियों और नागरिकों की भी है।
