बिलासपुर। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरकंडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नगदी और चांदी की पैरपट्टी भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 मई 2026 को पार्क लाइफ कॉलोनी अशोक नगर निवासी श्रीमती नीता तिवारी ने थाना सरकंडा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सुबह ड्यूटी पर गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर ने सूने मकान का फायदा उठाकर किचन के रास्ते घर में प्रवेश किया और बैग में रखे 5 हजार रुपये नगद तथा चांदी की पैरपट्टी चोरी कर ली। पड़ोसी द्वारा कैमरे का सायरन बजने की सूचना मिलने पर चोरी की घटना का पता चला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सरकंडा के नेतृत्व में तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की गई। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेही शरद कर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह दीवार फांदकर घर में घुसा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शरद कर्ष पिता बोधन कर्ष उम्र 26 वर्ष निवासी गोलबाजार पिन्डीदास गली सिटी कोतवाली बिलासपुर, स्थाई पता एकता नगर कोतरा रोड जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए 5 हजार रुपये नगद और चांदी की पैरपट्टी बरामद कर जप्त कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।
