20 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/कोनी
बिलासपुर:थाना कोनी पुलिस ने लूट की वारदातों में शामिल एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर मजदूर उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों को सुनसान स्थान पर ले जाकर लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नगदी ₹1600 सहित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोनी थाना क्षेत्र में दर्ज दो अलग-अलग मामलों (अपराध क्रमांक 171/26 एवं 172/26) की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई।
पहली घटना 14 अप्रैल 2026 की है, जिसमें प्रार्थी सुनील कुमार यादव (निवासी बिहार) को आरोपियों ने फोन कर 28 मजदूर उपलब्ध कराने का झांसा देकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन बुलाया। इसके बाद ऑटो में बैठाकर पॉलिटेक्निक कॉलेज कोनी के पास सुनसान जगह ले जाकर ₹45,000 की लूट कर फरार हो गए।
वहीं, दूसरी घटना 15 अप्रैल 2026 को हुई, जिसमें प्रार्थी दशरथ कुमार द्विवेदी (निवासी कटनी, मध्यप्रदेश) को भी इसी तरह मजदूर उपलब्ध कराने का लालच देकर रेलवे स्टेशन बुलाया गया और अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के पास सुनसान स्थान पर ले जाकर ₹35,000 लूट लिए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजश्री दामू के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान मुख्य आरोपी प्रकाश सिंह (निवासी बेल्हा, थाना पचपेड़ी) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों अभय सिंह उइके, मनोज उइके, वीरू मरावी, संतोष उइके और समीर सिंह के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई रकम में से ₹1600 नगद, एक पिट्ठू बैग, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपी को 20 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि अन्य 5 आरोपियों की तलाश जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक राजश्री दामू, प्रधान आरक्षक अशफाक अली, रमेश चंद्र पटनायक तथा आरक्षक विजेंद्र सिंह, अजय मधुकर और वीरेंद्र भोई की अहम भूमिका रही।
