बिलासपुर। बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने तीन लोगों की जान ले ली। ग्राम दरचुरा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर खराब हालत में खड़े ट्रक से अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की यात्री बस पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत की सूचना है, जबकि करीब 8 से 10 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

तड़के 5:30 बजे हुआ हादसा, बस में सवार थे 22 यात्री। जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक CG 04 NM 0859 सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे दरचुरा के पास पहुंची थी। इसी दौरान सड़क पर खड़े खराब ट्रक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री अंदर ही फंस गए। घायलों की चीख-पुकार के बीच मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

गैस कटर से काटकर निकाले गए यात्री, सिमगा अस्पताल भेजे गए घायल। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद से बस के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटना पड़ा।

इसके बाद घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सिमगा भेजा गया। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान तथा हादसे के विस्तृत कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
