रायगढ़। फरार स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए रायगढ़ पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए 24 अक्टूबर को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 15 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीमों ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, थाना चक्रधरनगर क्षेत्र से 5, खरसिया से 3 और पूंजीपथरा से 2 वारंटियों को पकड़ा गया। वहीं कापू, कोतरारोड, धरमजयगढ़, पुसौर थाना और खरसिया चौकी की टीमों ने एक-एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में एक 17 वर्षीय बालक भी शामिल है। पकड़े गए वारंटी जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा सरगुजा जिले के निवासी भी हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अधिकारियों और थाना प्रभारियों को विशेष रणनीति के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब स्थानीय क्षेत्रों के साथ जिले के अन्य हिस्सों, प्रदेश के दूसरे जिलों और राज्य के बाहर फरार वारंटियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालयीन आदेशों के पालन और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
