20 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप के बीच समाज सेवा की मिसाल पेश करते हुए रियल ग्रोथ पब्लिक स्कूल उस्लापुर के स्काउट-गाइड्स के बच्चों ने उस्लापुर ओवर ब्रिज के नीचे प्याऊ घर का शुभारंभ किया है। इस पहल के तहत राहगीरों, श्रमिकों और आमजन को निःशुल्क शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे तपती गर्मी में लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
प्याऊ घर का शुभारंभ वार्ड पार्षद राजेंद्र किरण टंडन द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला मुख्य आयुक्त चन्द्रप्रकाश बाजपेयी, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) महेन्द्र बाबू टंडन, चेयरमैन डी.के. जायसवाल, एकेडमिक डायरेक्टर दिलजीत कौर छाबड़ा, डायरेक्टर तनिष्का जायसवाल, उप प्राचार्या ऊषा मिश्रा तथा गाइडर पुष्पा शर्मा सहित विद्यालय परिवार और शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिले के स्काउट्स-गाइड्स, रोवर-रेंजर एवं स्काउटर-गाइडर ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सेवा कार्य में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में इस प्रकार की जनसेवा न केवल आमजन के लिए लाभकारी है, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी भी विकसित करती है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि प्याऊ घर के माध्यम से प्रतिदिन स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राएं नियमित रूप से यहां सेवा देते हुए राहगीरों को पानी पिलाने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित जनों ने इस जनसेवा अभियान को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया और विद्यालय के इस सराहनीय प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
