बिलासपुर। कतियापारा उदई चौक के पास धारदार तलवार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने वाले एक बदमाश को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मिथलेश सिंह ठाकुर उर्फ डोमचुल (26 वर्ष), निवासी कतियापारा उदई चौक, बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक धारदार तलवार जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर लोगों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ा और उसके पास से तलवार बरामद की।
आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के निर्देश पर की गई।
