बिलासपुर में घर से लापता हुईं दो नाबालिग सगी बहनों को सकरी पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सकुशल ढूंढ निकाला। बच्चियों के अचानक लापता होने से परेशान मां और परिजनों की चिंता उस वक्त खुशी में बदल गई, जब दोनों बहनें मंगला स्थित एक पार्क में सुरक्षित मिलीं। बच्चियों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने सकरी पुलिस का आभार जताया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चियां 22 अक्टूबर 2026 को घर से बिना बताए कहीं चली गई थीं। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताई और थाना सकरी में शिकायत दर्ज कराई। मामले में अपराध दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजय सिंदे के नेतृत्व में टीम गठित कर तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने परिजनों के सहयोग से दोनों बच्चियों को मंगला स्थित पार्क से बरामद कर लिया। पूछताछ में बच्चियों ने घूमने के दौरान रास्ता भटक जाने की बात बताई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय सिंदे सहित उप निरीक्षक गणेशराम महिलांगे, प्रधान उप निरीक्षक अर्चना साहू, सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र तिवारी तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
