रायगढ़। पत्नी के लापता होने के शक में एक 64 वर्षीय व्यक्ति ने 60 वर्षीय बुजुर्ग पर टंगिया (लोहे की कुल्हाड़ी) से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद फरार आरोपी को तमनार पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी पुलिस ने बरामद कर जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को ग्राम महलोई निवासी भागीरथी किशान (60) को सिर में गंभीर चोट लगने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के पुत्र विनोद किशान से पूछताछ की।
जांच में सामने आया कि गांव के दूजराम चौहान (64) को संदेह था कि उसकी पत्नी को भागीरथी किशान ने भगा दिया है। इसी शक को लेकर वह पिछले दो-तीन दिनों से लगातार विवाद और गाली-गलौज कर रहा था।
बताया गया कि 31 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे आरोपी टंगिया लेकर भागीरथी किशान के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए “जान से मार दूंगा” कहकर उनके सिर पर लगातार तीन-चार वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े, जबकि आरोपी फरार हो गया।
प्रार्थी की शिकायत पर तमनार थाना में अपराध दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दूजराम चौहान को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त कर ली गई।
घायल भागीरथी किशान की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रायगढ़ और फिर बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि किसी भी प्रकार का संदेह या व्यक्तिगत विवाद कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं देता। हिंसा करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस सख्त और त्वरित कार्रवाई करती रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर प्रधान संपादक
