बिलासपुर। बिलासगुड़ी स्थित रक्षित केंद्र में शनिवार को पुलिस विभाग के प्र.आर. श्री ध्रुव पाण्डेय (यातायात) के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। लगभग 40 वर्षों की उत्कृष्ट, समर्पित एवं निष्कलंक सेवा पूर्ण करने पर उन्हें पूरे सम्मान और आत्मीयता के साथ विदाई दी गई।

अपने लंबे सेवाकाल में श्री ध्रुव पाण्डेय ने यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था के प्रभावी संचालन और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी कार्यकुशलता, अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को विभाग के अधिकारियों ने अनुकरणीय बताते हुए उन्हें भावभीनी शुभकामनाएं दीं।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि श्री पाण्डेय ने अपने पूरे सेवाकाल में अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका व्यक्तित्व और कार्यशैली पुलिस विभाग के युवा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे ने भी श्री पाण्डेय के सरल, सौम्य और सहयोगी स्वभाव की सराहना करते हुए उनके गौरवपूर्ण सेवाकाल को विभाग की अमूल्य धरोहर बताया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और समृद्ध सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
समारोह के दौरान श्रीमती अनामिका पाण्डेय एवं उनके दोनों पुत्र भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने श्री ध्रुव कुमार पाण्डेय को शाल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। समारोह का माहौल भावुक रहा, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए गए कार्यकाल की यादें साझा करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर डीएसपी लाइन मंजूलता केरकेट्टा, सीएसपी कोतवाली टिकेश्वर प्रसाद यादव, डीएसपी सुदीप सरकार, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार गुप्ता, मुख्य लिपिक रफीक खान सहित पुलिस विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
