बिलासपुर। कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने अपने 4.5 लाख से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं, शिकायत निवारण और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से लागू की गई इन पहलों से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होने की बात कही गई है।

सीआईएल ने कोल माइंस पेंशन योजना के तहत न्यूनतम मासिक पेंशन को 8 मार्च 2024 से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दिया है। इस फैसले से करीब 40 हजार पेंशनभोगियों को सीधा लाभ मिला है, जिससे सेवानिवृत्त खनिकों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल मिला है।
पेंशन प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए सीआईएल ने सी-केयर्स (C-CARES) प्लेटफॉर्म के माध्यम से पेंशन प्रशासन का डिजिटलीकरण किया है। इसके चलते सेवानिवृत्ति संबंधी दावों के निपटान की औसत अवधि 30 दिन से घटकर मात्र 10 दिन रह गई है। साथ ही पेंशन संशोधन और संशोधित पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) की ऑनलाइन व्यवस्था भी विकसित की जा रही है।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अब सेवानिवृत्ति के दिन ही पीपीओ जारी करने और भविष्य निधि (सीएमपीएफ) देयों के शीघ्र निपटान की सुविधा दी जा रही है। वहीं संशोधित पीपीओ में पात्र जीवनसाथी का विवरण शामिल होने से पारिवारिक पेंशन मामलों का निपटारा भी पहले की तुलना में अधिक तेज़ी से हो सकेगा।
सीआईएल ने अपने मुख्यालय और सभी अनुषंगी कंपनियों में पोस्ट रिटायरमेंट बेनिफिट (पीआरबी) सेल स्थापित किए हैं, जो सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए सभी आवश्यक सेवाओं और सहायता का एकल संपर्क केंद्र के रूप में कार्य कर रहे हैं।

स्वास्थ्य सुविधाओं को भी और अधिक मजबूत किया गया है। अंशदायी सेवानिवृत्ति उपरांत चिकित्सा योजना (सीपीआरएमएस) के तहत पंजीकृत लगभग 1.13 लाख सेवानिवृत्त कर्मचारियों को देशभर के 532 सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिल रही है। योजना के अंतर्गत सेवानिवृत्त अधिकारियों को 25 लाख रुपये तथा गैर-अधिकारियों को 8 लाख रुपये तक का चिकित्सा कवरेज उपलब्ध कराया जा रहा है। गंभीर बीमारियों के इलाज का खर्च इन सीमाओं से अलग रखा गया है।
वित्त वर्ष 2025-26 में भविष्य निधि वितरण 19.5 प्रतिशत बढ़कर 13,608.8 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पेंशन वितरण 22.9 प्रतिशत बढ़कर 6,427 करोड़ रुपये हो गया। दोनों मदों में कुल 3,415.1 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है, जो सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कल्याण के प्रति कोल इंडिया की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इसके अलावा कंपनी अपने सूचीबद्ध अवकाश गृहों (हॉलिडे होम) की सुविधाएं भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उपलब्ध करा रही है, ताकि उनका सामाजिक जुड़ाव और समग्र कल्याण सुनिश्चित किया जा सके।
