07 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और डिजिटल साक्ष्य संकलन को आधुनिक एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में बिलासपुर पुलिस को बड़ी तकनीकी सौगात मिली है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जिले के विवेचकों के लिए 208 मोबाइल डेटा टर्मिनल (एमडीटी) उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इन उपकरणों का वितरण पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में किया गया।

नए कानूनों के तहत घटनास्थल से डिजिटल साक्ष्य एकत्र करने में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। अब विवेचकों को अपने निजी मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करना पड़ेगा। इससे मोबाइल की मेमोरी भरने, डेटा सुरक्षित रखने और तकनीकी बाधाओं जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।

एमडीटी उपकरणों की मदद से विवेचक घटनास्थल से ही फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रूप से सीधे सीसीटीएनएस पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इससे साक्ष्यों की विश्वसनीयता बढ़ेगी, जांच प्रक्रिया अधिक तेज और पारदर्शी होगी तथा न्यायालय में समय पर चालान प्रस्तुत करने में सुविधा मिलेगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से विवेचना की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और अपराधियों के विरुद्ध मजबूत साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
