08 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 8 जुलाई 2026। जिले में शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर विद्यालयों की मॉनिटरिंग तेज कर दी गई है। इसी क्रम में नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर जायसवाल ने बुधवार को कोटा विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने शासकीय विद्यालय तेंदुआ, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय करगीकला, शासकीय हाई स्कूल धूमा तथा सेजेस विद्यालय कोटा का भ्रमण किया। उन्होंने सीधे कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई, सीखने की क्षमता तथा शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली।

इस दौरान अध्यापन व्यवस्था, वार्षिक शैक्षणिक कैलेंडर, शिक्षकों की दैनंदिनी, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति सहित विभिन्न शैक्षणिक अभिलेखों का भी गहन निरीक्षण किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को नियमित, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिलेभर में जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी लगातार विद्यालयों का औचक निरीक्षण करेंगे, ताकि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
