08 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़, 8 जुलाई। रायगढ़ पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग पहल के तहत थाना घरघोड़ा में जन मित्रम एस.पी. सिंह मेमोरियल स्कूल के छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, नए आपराधिक कानून, साइबर सुरक्षा, गुड टच-बैड टच और नागरिकों के कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए एफआईआर दर्ज होने से लेकर विवेचना, साक्ष्य संकलन, आरोपी की गिरफ्तारी और न्यायालयीन प्रक्रिया तक की पूरी कार्यवाही को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने बताया कि नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद पुलिस व्यवस्था अधिक आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित हो गई है, जिससे लोगों को त्वरित न्याय दिलाने में मदद मिल रही है।

विद्यार्थियों को सीसीटीएनएस प्रणाली, थाना प्रभारी एवं थाना मुंशी की जिम्मेदारियों, डिजिटल शिकायत प्रणाली और ऑनलाइन विवेचना की प्रक्रिया से भी परिचित कराया गया। इस दौरान बच्चों ने पुलिसिंग और कानून से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने व्यवहारिक उदाहरणों के साथ जवाब दिया।

कार्यक्रम में बच्चों को यह भी बताया गया कि किसी भी घटना की सही जानकारी पुलिस तक पहुंचाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है तथा झूठी शिकायत देना कानूनन अपराध है।
बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए विद्यार्थियों को ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया और ओटीपी साझा करने के खतरों से भी अवगत कराया गया। साथ ही गुड टच-बैड टच की जानकारी देकर समझाया गया कि किसी भी अनुचित व्यवहार की सूचना तुरंत माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को दें।
विद्यार्थियों को पुलिस हेल्पलाइन, आपातकालीन सेवाओं तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई। भ्रमण के अंत में बच्चों ने इसे ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव बताया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने संदेश दिया कि “जागरूक और कानून की समझ रखने वाले बच्चे ही सुरक्षित एवं जिम्मेदार समाज की नींव हैं।”
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
