08 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहीद चौक स्थित एक मकान में छापेमार कार्रवाई कर सट्टा-पट्टी लिख रही महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन, सट्टा-पट्टी का लेखा-जोखा और नगदी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शहीद चौक निवासी अनिता साहू अपने घर से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से सट्टा संचालित कर रही है।
सूचना के आधार पर साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
छापेमारी के दौरान महिला घर में सट्टा-पट्टी लिखते मिली। पूछताछ में उसने सट्टा संचालन करना स्वीकार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें सट्टा अंकों की तस्वीरें, हिसाब-किताब और सट्टा रिकॉर्ड सुरक्षित मिला। पुलिस ने मौके से ₹480 नगद, मोबाइल और सट्टा से संबंधित दस्तावेज जब्त कर लिए।
आरोपी महिला के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जिले में जुआ और सट्टा कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
