08 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 चक्का वाहन में परिवहन किए जा रहे 8.5 टन संदिग्ध लोहे के कबाड़ को जब्त किया है। पुलिस ने 22 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। लगातार दूसरे दिन हुई इस कार्रवाई से अवैध कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना छाल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हाटी क्षेत्र से भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लेकर एक 6 चक्का वाहन घरघोड़ा की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने बैरियर पर नाकाबंदी कर वाहन क्रमांक CG-12 BD-1623 को रोककर जांच की।

वाहन की तलाशी में तिरपाल के नीचे बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, एंगल, टीना सहित अन्य कबाड़ सामग्री मिली। चालक तौफिक खान (19 वर्ष), निवासी कोरबा से परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने करीब 8 टन 500 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप (अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये) तथा 20 लाख रुपये कीमत का 6 चक्का वाहन जब्त कर कुल 22 लाख रुपये की संपत्ति अपने कब्जे में ली। आरोपी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब कबाड़ के स्रोत और उसके वास्तविक स्वामित्व की भी जांच कर रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ कारोबार चोरी और औद्योगिक संपत्तियों से जुड़े अपराधों को बढ़ावा देता है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसे नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
