08 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के हेमूनगर में 4 जुलाई को हुए चर्चित दोहरी मौत कांड में अब बड़ा और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। घटना के चार दिन बाद मृतक अशोक देवांगन का कथित सुसाइड नोट मिलने से पूरे मामले ने नई दिशा पकड़ ली है। सुसाइड नोट में कई बड़े खुलासे होने की बात सामने आ रही है, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
4 जुलाई की सुबह हेमूनगर स्थित किराए के मकान में 52 वर्षीय अशोक देवांगन और उनकी 49 वर्षीय पत्नी धनेश्वरी देवांगन मृत मिले थे। अशोक का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि पत्नी धनेश्वरी का शव कमरे में खून से लथपथ पड़ा मिला था। उनके शरीर पर धारदार हथियार से वार के कई निशान थे। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया था।
सबसे मार्मिक दृश्य यह था कि दंपती के दो मासूम बच्चे दूसरे कमरे में सहमे हुए लेकिन सुरक्षित मिले। पुलिस ने तत्काल बच्चों को सुरक्षित निकालकर उनकी देखरेख और मनोवैज्ञानिक परामर्श की व्यवस्था कराई थी। प्रारंभिक जांच में आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव को घटना की संभावित वजह माना जा रहा था।
भाई को मिला सुसाइड नोट, सीधे पहुंचे सीएसपी के पास
घटना में नया मोड़ तब आया जब मृतक अशोक देवांगन के भाई को एक कथित सुसाइड नोट मिला। वे तुरंत उसे लेकर सीएसपी कोतवाली के पास पहुंचे। सीएसपी ने दस्तावेज को विधिवत जब्ती के लिए थाना तोरवा में जमा कराने के निर्देश दिए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुसाइड नोट में कई बड़े खुलासे और गंभीर आरोप दर्ज हैं। सीएसपी ने आश्वासन दिया है कि जांच में यदि आरोपों की पुष्टि होती है, तो किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फोरेंसिक जांच के साथ जुड़ेगा हर सबूत:तोरवा पुलिस ने सुसाइड नोट को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य, घटनास्थल से मिले सबूत और सुसाइड नोट का मिलान कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जाएंगी। पुलिस का कहना है कि नोट में दर्ज तथ्यों और नामों की गहन जांच के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हेमूनगर की इस दोहरी मौत का रहस्य अब सुसाइड नोट मिलने के बाद और भी गहरा गया है। पूरे मामले पर पुलिस की पैनी नजर है और अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में आखिर कौन-कौन से चौंकाने वाले खुलासे सामने आते हैं।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
