08 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देर रात संयुक्त अभियान में एक कार से देशी कट्टा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई थाना चक्रधरनगर पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने पहाड़ मंदिर के पास घेराबंदी कर की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4.10 लाख रुपये कीमत की टोयोटा ग्लैंजा कार और एक अवैध देशी कट्टा जब्त किया है। मामले में फरार हथियार सप्लायर की तलाश के साथ पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से रायगढ़ आ रही एक सफेद कार में सवार युवक अवैध हथियार लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने पहाड़ मंदिर शराब भट्टी के पास घेराबंदी कर वाहन जांच शुरू की।
जांच के दौरान टोयोटा ग्लैंजा कार क्रमांक CG-13 AQ-6663 को रोककर तलाशी ली गई। विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत तलाशी में वाहन के भीतर छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान हरीश यादव (26 वर्ष) निवासी रायगढ़ और प्रहलाद केंवट (24 वर्ष) निवासी जांजगीर-चांपा, वर्तमान निवासी रायगढ़ के रूप में बताई।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि बरामद देशी कट्टा उन्होंने योगेश चौहान उर्फ सानू उर्फ साहिल चौहान से खरीदा था, जो पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गया। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश के साथ अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस की अवैध हथियारों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति है। हथियारों के परिवहन, बिक्री और उपयोग में शामिल प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
