01 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के मंगला में बुधवार को विकास का नया अध्याय लिखा गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू तथा प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने माता चौरा परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। कार्यक्रम में विकास योजनाओं की श्रृंखला के साथ कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पांडे, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, श्री दीपक सिंह, श्री मोहित जायसवाल, प्रणव शर्मा समदरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

समयबद्ध विकास ही हमारी कार्य संस्कृति : केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू:केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। अब केवल विकास कार्यों का भूमिपूजन ही नहीं, बल्कि निर्धारित समय-सीमा में उनका लोकार्पण सुनिश्चित करना सरकार की कार्य संस्कृति बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। सड़क, रेल, पेयजल और शहरी विकास की अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है।

हर घर तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना सरकार का संकल्प : उप मुख्यमंत्री अरुण साव:उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की मूलभूत आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में केवल बिलासपुर नगर निगम को 437 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। आने वाले समय में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की जल समस्या का सामना न करना पड़े।

उन्होंने मंगला क्षेत्र के लिए मुक्तिधाम निर्माण हेतु 50 लाख रुपये, सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये तथा मंगला के लिए पृथक जल आवर्धन योजना की महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

बेलतरा में एक हजार करोड़ से अधिक के विकास कार्य : विधायक सुशांत शुक्ला:बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में अब तक 1,000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। सड़क, पेयजल, नाली, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास का यह सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने विकास कार्यों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से मंगला सहित आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं और मजबूत होंगी तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
