01 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधवापारा स्थित शहीद भगत सिंह स्कूल के पास मंगलवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार थार (कार) का टायर अचानक फटने के बाद चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक रास्ते में लोगों और अन्य वाहनों को बचाने का प्रयास करता हुआ आगे बढ़ रहा था, लेकिन कुछ ही दूरी बाद वाहन पूरी तरह अनियंत्रित होकर एक मकान की बाहरी दीवार से जा टकराया।

हादसा इतना जबरदस्त था कि कच्ची-पक्की मिट्टी से बनी मकान की बाहरी दीवार भरभराकर गिर गई, जबकि थार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि घटना के समय दीवार के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।

घटना के बाद मकान मालिक श्रीमती सुनीता केवट ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, 30 जून 2026 को दोपहर करीब 12 बजे तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चल रही थार क्रमांक CG-12-BJ-7825 उनके घर के सामने स्थित मछली दुकान और मकान की दीवार से टकरा गई, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

शिकायत के आधार पर सरकंडा थाना पुलिस ने चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 324(4) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक श्रवण टंडन कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि वाहन कुछ मीटर आगे या भीड़भाड़ वाले हिस्से में अनियंत्रित होता, तो यह हादसा कहीं अधिक भयावह साबित हो सकता था। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
