01 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़ पुलिस परिवार के लिए बुधवार का दिन भावनाओं और सम्मान से भरा रहा, जब 39 और 42 वर्षों तक निष्कलंक, अनुकरणीय एवं समर्पित सेवाएं देने वाले उप निरीक्षक हेतराम सिदार और आरक्षक निस्तोर तिर्की सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हुए। पुलिस कार्यालय में आयोजित गरिमामयी सेवा सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने दोनों अधिकारियों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा विभाग की ओर से उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
समारोह में दोनों अधिकारियों के परिजन भी मौजूद रहे, जिससे विदाई समारोह भावुक और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
रक्षित निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि उप निरीक्षक हेतराम सिदार ने वर्ष 1984 में अविभाजित मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा शुरू की थी। मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यशैली के बल पर उन्होंने विभिन्न पदोन्नतियां प्राप्त करते हुए कोरबा, जांजगीर, बिलासपुर और रायगढ़ सहित कई जिलों में सेवाएं दीं। वर्ष 2014 में वे उप निरीक्षक बने और डीसीआरबी प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन करते हुए सेवानिवृत्त हुए।
वहीं आरक्षक निस्तोर तिर्की ने वर्ष 1983 में जिला जगदलपुर से अपनी सेवा शुरू की थी। वर्ष 1993 में रायगढ़ स्थानांतरित होने के बाद उन्होंने यातायात, कोतवाली, जोबी चौकी, रक्षित केंद्र, जूटमिल, कापू, धरमजयगढ़ और लैलूंगा सहित कई इकाइयों में उल्लेखनीय सेवाएं दीं। वे ट्रेजरी गार्ड धरमजयगढ़ से सेवानिवृत्त हुए। उनके पुत्र सिकंदर तिर्की वर्तमान में पुलिस विभाग में सेवाएं देकर परिवार की दूसरी पीढ़ी के रूप में इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
विदाई समारोह में दोनों अधिकारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए पुलिस सेवा को अपने जीवन का सबसे गौरवपूर्ण अध्याय बताया। उन्होंने विभाग के अधिकारियों, सहकर्मियों और कर्मचारियों का सहयोग एवं स्नेह मिलने पर आभार व्यक्त किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने कहा कि सेवानिवृत्ति केवल सरकारी सेवा का समापन है, लेकिन पुलिस परिवार से उनका आत्मीय संबंध सदैव बना रहेगा। उन्होंने दोनों अधिकारियों के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी विभाग हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
