01 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना पूंजीपथरा पुलिस ने 20.25 लाख रुपये मूल्य का संदिग्ध लोहे का स्क्रैप एवं 12 चक्का ट्रक जब्त किया है। बिना वैध दस्तावेजों के 7.5 टन लोहे का स्क्रैप परिवहन कर रहे चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 30 जून 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को सूचना मिली कि कुनकुरी से भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लोड कर एक 12 चक्का ट्रक पूंजीपथरा की ओर आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तमनार चौक में घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक CG-14-D-0528 को रोककर जांच की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम सुलतान खान (58 वर्ष), निवासी आजाद मोहल्ला, कुनकुरी बताया। तलाशी लेने पर ट्रक में 7.5 टन लोहे का स्क्रैप मिला।
पुलिस द्वारा स्क्रैप के वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस ने 7.5 टन लोहे का स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत 5.25 लाख रुपये, तथा लगभग 15 लाख रुपये कीमत का 12 चक्का टाटा ट्रक जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 20.25 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी सुलतान खान के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, एएसआई उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह एवं आरक्षक राजेश सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़, चोरी की संपत्ति एवं संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ का परिवहन अथवा कारोबार करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
