01 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए ढिमरापुर रोड पर हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दो आदतन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने देर रात घर लौट रहे एक युवक के साथ मारपीट कर उसकी जेब से ₹15,200 लूट लिए थे। गिरफ्तार आरोपियों में एक बदमाश तीन दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था, लेकिन रिहाई के तुरंत बाद फिर अपराध की दुनिया में लौट गया।
पुलिस के अनुसार, ढिमरापुर निवासी त्रिनाथ सामल 29 जून की देर रात रायपुर से लौटकर अपने मालिक के घर सामान पहुंचाने के बाद अपने कमरे की ओर जा रहे थे। रात करीब 12:30 बजे आदित्य मोटर्स के पास दो युवकों ने उन्हें रोककर रुपये की मांग की। विरोध करने पर दोनों ने मारपीट कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया और जेब में रखे ₹15,200 लूटकर फरार हो गए। मामले में थाना कोतवाली में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की पहचान रामभाठा निवासी नीरज टोप्पो और शैलेष मिंज के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को रामभाठा मुक्तिधाम के पास से गिरफ्तार कर लिया।
कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कराई गई पहचान परेड में पीड़ित ने दोनों आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि लूट की रकम लेकर वे झारसुगुड़ा घूमने चले गए थे और अधिकांश रकम खर्च कर चुके हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹700 बरामद किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। नीरज टोप्पो के खिलाफ पहले से चोरी और लूट के मामले दर्ज हैं, जबकि शैलेष मिंज पर चोरी एवं मारपीट के प्रकरण दर्ज हैं। इनमें से एक आरोपी घटना से महज तीन दिन पहले ही जेल से रिहा हुआ था।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, पीएसआई प्रिया साहू, एएसआई कोसो सिंह, आरक्षक उत्तम सारथी एवं आरक्षक कोमल तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस लूट, चोरी और सड़क अपराधों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है तथा आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
