01 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़ पुलिस के विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत 11 वर्षों से फरार चल रहे बलवा और पुलिस टीम पर हमले के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपी शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से मारपीट करने तथा शासकीय वाहन में तोड़फोड़ करने के मामले में वर्ष 2015 से फरार था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्राम कुर्रा निवासी हेमा राठिया (35 वर्ष) को उसके गांव पहुंचते ही दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2015 में आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ बोलेरो, महिंद्रा मैक्सीमो और मोटरसाइकिलों में सवार होकर लाठी-डंडों एवं लकड़ी की फालियों से लैस होकर घटनास्थल पर पहुंचा था। उस दौरान मर्ग पंचनामा की कार्रवाई कर रही पुलिस टीम पर हमला किया गया, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई, पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से मारपीट की गई, जान से मारने की धमकी दी गई तथा शासकीय वाहन में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया था।
घटना के संबंध में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 152/2015 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश किया गया, जबकि हेमा राठिया लगातार फरार चल रहा था।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव को आरोपी के गांव आने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस की नजर प्रत्येक फरार आरोपी पर है। अपराध कर कानून से बचने की कोशिश करने वालों के लिए जिले में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
