23 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/यातायात पुलिस
बिलासपुर। सड़क सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए यातायात पुलिस बिलासपुर ने मंगलवार को बड़ा अभियान चलाते हुए 20 बसों सहित कई वाहनों में लगे प्रेशर हॉर्न, हूटर और अन्य अमानक उपकरणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान एक बस चालक को शराब के नशे में यात्रियों से भरी बस चलाते हुए पकड़ा गया, जिसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर मामला न्यायालय भेजा जा रहा है।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर और हूटर का उपयोग करने वाले वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ कई मामलों में न्यायालयीन प्रकरण भी तैयार किए गए।
यातायात पुलिस ने बताया कि प्रेशर हॉर्न और अत्यधिक तेज आवाज वाले उपकरण न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, हृदय रोगियों और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए भी खतरनाक साबित हो सकते हैं। तेज आवाज से मानसिक तनाव और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं।

अभियान के दौरान बस क्रमांक CG-09-F-0218 का चालक जितेंद्र धुर्वे निवासी कबीरधाम शराब के नशे में बस चलाते हुए पाया गया। पुलिस के अनुसार चालक यात्रियों को लेकर सफर कर रहा था और वाहन में प्रेशर हॉर्न का भी उपयोग कर रहा था। मामले को गंभीर मानते हुए बस को खड़ा कराया गया तथा चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। साथ ही बस मालिकों और संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी यात्री वाहन को नशेड़ी या लापरवाह चालक के हवाले न किया जाए।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
