24 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और बलवा करने वाले 9 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त क्रेटा कार और डंडा भी जब्त किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बरखोरिया निवासी पुष्पा यादव ने 22 जून को थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके परिवार द्वारा कब्जे की कृषि भूमि में धान की बुआई की गई थी। इसी दौरान कृष्णा यादव समेत अन्य आरोपी खेत में पहुंचकर जबरन जोताई और धान बुआई करने लगे। विरोध करने पर सभी आरोपी एक राय होकर प्रार्थिया के घर और आंगन में घुस गए तथा छप्पर और घरेलू सामान में तोड़फोड़ करते हुए गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी गिरधारी साव ने टीम के साथ तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त क्रेटा वाहन क्रमांक CG-11-AN-0911 और मारपीट में इस्तेमाल डंडा जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जमीन विवाद अथवा किसी भी अन्य कारण से कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस कठोर कार्रवाई करेगी। मारपीट, बलवा, घर में घुसकर तोड़फोड़ और शांति भंग करने जैसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
