25 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तोरवा
बिलासपुर। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तोरवा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर लोगों में भय का माहौल बना रहे एक आदतन बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना तोरवा क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग, अड्डेबाजी चेकिंग एवं निगरानी कार्रवाई की जा रही है।
इसी दौरान 23 जून 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक काजल धनंजय एवं थाना स्टाफ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि बोलबम चौक के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर आम लोगों को डरा-धमका रहा है, जिससे क्षेत्र में भय और अशांति का वातावरण बन गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी बलबीर ध्रुव (25 वर्ष), निवासी साईं मंदिर के पास, तोरवा को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 346/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 24 जून 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
तोरवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
