24 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर रायगढ़ शहर में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस द्वारा देर शाम व्यापक फुट पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया। नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) श्री मयंक मिश्रा स्वयं पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे और शहर के प्रमुख बाजारों तथा संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लेते हुए जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फुट पेट्रोलिंग के दौरान हटरी बाजार, न्यू मार्केट, सराफा बाजार, सब्जी मार्केट, गौरीशंकर मंदिर मार्ग, बड़पारा, संजय कॉम्प्लेक्स, रेलवे स्टेशन, सत्तीगुड़ी चौक, बैकुंठपुर और राजीव नगर सहित कई क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की गई। बड़पारा स्थित शराब भट्ठी के आसपास मौजूद युवकों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली गई तथा वाहनों के दस्तावेज भी जांचे गए।
पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थलों, सुनसान इलाकों और चौक-चौराहों पर अड्डेबाजी कर रहे युवकों, शराबखोरी करने वालों और झगड़ा-विवाद की प्रवृत्ति रखने वाले लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी। साथ ही नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
रायगढ़ पुलिस द्वारा “विजुअल पुलिसिंग” को बढ़ावा देने के तहत शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर नियमित रूप से पैदल पेट्रोलिंग की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य अपराधियों में पुलिस का भय बनाए रखना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
