25 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तारबाहर
बिलासपुर। पुलिस अधिकारियों को पैसा देने का डर दिखाकर लाखों रुपये की अवैध वसूली करने वाले गिरोह पर तारबाहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने एक युवक को पुलिस कार्रवाई का भय दिखाकर उससे 5 लाख रुपये की मांग की थी और परिवार से 1 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर भी करा लिए थे।
पुलिस के अनुसार महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र निवासी रूपेश पटेल 19 जून 2026 को निजी कार्य से बिलासपुर आया था। इस दौरान दो महिला मित्रों के साथ विवाद होने पर वह थाना तारबाहर पहुंचा। घटना से घबराकर उसने अपने मित्र सचिन मेहर को फोन कर पूरी जानकारी दी। इसी जानकारी का फायदा उठाते हुए सचिन मेहर और सुमित देवांगन ने कथित रूप से प्रार्थी के परिवार को फोन कर पुलिस अधिकारियों को पैसा देने के नाम पर 5 लाख रुपये की मांग की।
डर और दबाव में आकर प्रार्थी के परिजनों ने 1 लाख रुपये सुमित देवांगन के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी लगातार चार दिनों तक शेष 4 लाख रुपये की मांग करते हुए फोन पर धमकियां देते रहे।
मामले की शिकायत मिलने पर थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत धारा 308(2) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री गगन कुमार के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुमित कुमार देवांगन (36 वर्ष), निवासी देवांगन मोहल्ला, चांपा, जिला जांजगीर-चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थी के परिजनों से 1 लाख रुपये अपने खाते में प्राप्त करना तथा बाद में वह रकम दूसरे आरोपी के खाते में ट्रांसफर करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले के अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
