24 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने घरेलू विवाद के दौरान लोहे की हथौड़ी से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बाँसजोर निवासी श्यामलाल मंझवार (24) और उसकी पत्नी मेहतरीन बाई मंझवार के बीच 17 जून 2026 की सुबह इलाज के लिए पैसे मांगने की बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसी दौरान आरोपी ने घर में रखी लोहे की हथौड़ी से पत्नी के सिर पर कई बार हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां 20 जून की शाम उसकी मृत्यु हो गई।
मामले की जांच के दौरान मृतिका के परिजनों, सास, पार्षद एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का परीक्षण किया गया। जांच में हत्या की पुष्टि होने पर धरमजयगढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 168/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे की हथौड़ी भी बरामद कर ली गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा और गंभीर अपराध किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं। महिला सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
