23 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सकरी
बिलासपुर। थाना सकरी क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे आपसी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर सकरी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने सभी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगाशा प्रस्तुत किया।
पुलिस के अनुसार ईरानी मोहल्ला पांड निवासी नजर नब्बास अली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जून की रात शराफत अली, सज्जाद अली, एजाज अली एवं नजफ अली ने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और मारपीट की। इस मामले में अपराध क्रमांक 595/2026 दर्ज किया गया।
इसी प्रकार सैदा निवासी कविता दुबे की शिकायत पर प्रवीण दुबे एवं प्रशांत दुबे के विरुद्ध अपराध क्रमांक 592/2026 दर्ज किया गया। वहीं एक अन्य मामले में लखन पटेल की रिपोर्ट पर पूर्व में अपराध क्रमांक 467/2026 पंजीबद्ध किया गया था।
पुलिस जांच के दौरान पाया गया कि अपराध दर्ज होने के बाद भी संबंधित पक्ष लगातार आपसी विवाद, मारपीट और झगड़े कर क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
सकरी पुलिस ने लोक शांति भंग करने वाले कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और शांति भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
