23 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:न्यायधानी की केंद्रीय जेल एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में है। जेल की ऊंची दीवारों और कड़ी सुरक्षा के दावों के बीच सोमवार सुबह ऐसा खूनी खेल हुआ जिसने पूरे जेल प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया। बैरक के भीतर एक विचाराधीन बंदी की पत्थर से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे जेल परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कोटा निवासी नीलू जगत (25 वर्ष) पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मुंगेली जिले के चामरी निवासी राजेश राय (40 वर्ष) ने बैरक के अंदर घुसकर सीमेंट के भारी ढक्कन (पत्थर) से नीलू जगत के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए।

हमला इतना भयावह था कि नीलू जगत गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में गिर पड़ा। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल बंदी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।


सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी राजेश राय पहले से ही ट्रिपल मर्डर और दो हत्या के प्रयास (हाफ मर्डर) जैसे गंभीर मामलों में सजा काट रहा था। ऐसे खतरनाक अपराधी द्वारा जेल के भीतर ही हत्या की वारदात को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी केंद्रीय जेल से कैदियों की मौज-मस्ती, मोबाइल उपयोग और सुरक्षा में लापरवाही से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होना अब गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और जेल प्रशासन मामले की जांच में जुट गए हैं। वहीं इस सनसनीखेज वारदात के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा प्रबंधन पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
