05 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…
रायगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 300 किलोग्राम गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने गांजा, दो लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर लैलूंगा पुलिस ने कटकलिया मार्ग पर बहुस्तरीय नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान इनोवा वाहन में दोहरी नंबर प्लेट लगी मिली, जिससे पुलिस को तस्करी का संदेह हुआ।

सघन तलाशी में दोनों वाहनों से करीब 300 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है। जब्त संपत्ति में 20 लाख रुपये कीमत की इनोवा क्रिस्टा, 14 लाख रुपये कीमत की एक्सएल-6 और पांच मोबाइल फोन भी शामिल हैं।


पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजे की यह बड़ी खेप उड़ीसा से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में उनके सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेन्द्र कुमार मौर्य को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस का मानना है कि इस मामले के तार एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। फरार आरोपियों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस की विशेष टीमों को मध्यप्रदेश और सरगुजा क्षेत्र में रवाना किया गया है।
रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अब तक की महत्वपूर्ण सफलताओं में से एक माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
