05 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर:विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सतत खनन के संकल्प के साथ भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया गया तथा एसईसीएल की वार्षिक पर्यावरण पत्रिका “पर्यावरण दर्पण” का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने पर्यावरण ध्वज फहराकर किया। इस अवसर पर निदेशक मंडल, मुख्य सतर्कता अधिकारी, श्रद्धा महिला मंडल की पदाधिकारी, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के तहत नेहरू शताब्दी नगर कॉलोनी में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण निर्माण के लिए अपना संकल्प दोहराया।
मंचासीन अतिथियों द्वारा एसईसीएल की वार्षिक पर्यावरण पत्रिका “पर्यावरण दर्पण” का विमोचन किया गया। साथ ही कंपनी की पर्यावरणीय पहलों, हरित परियोजनाओं और सतत खनन गतिविधियों पर आधारित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।

अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि एसईसीएल देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ पर्यावरणीय दायित्वों के निर्वहन के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कर्मचारियों से पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने उपस्थित जनों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई, जिसमें वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया गया। वहीं निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र ने कहा कि औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना ही सतत विकास की वास्तविक पहचान है।
कार्यक्रम में डीएवी विद्यालय के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं कुसमुंडा और हसदेव क्षेत्र की टीमों द्वारा पर्यावरण जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
महाप्रबंधक (पर्यावरण) बी. राणा प्रताप ने स्वागत भाषण में विश्व पर्यावरण दिवस की थीम तथा एसईसीएल की हरित विकास संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष का पर्यावरण दिवस संदेश भी पढ़कर सुनाया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यालय स्तर पर आयोजित निबंध, चित्रकला, तत्क्षण भाषण प्रतियोगिता एवं कवि सम्मेलन के विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मुख्य प्रबंधक (पर्यावरण) शेख जाकिर हुसैन ने किया, जबकि डॉ. एम.एस. प्रियंका ने आभार प्रदर्शन किया।
