21 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। जिले के हिर्री थाना क्षेत्र में मंगलवार को खेतों में धान रोपाई के लिए जा रही महिलाओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, मेडपार बाजार से सकर्रा गांव की ओर धान की रोपाई के लिए करीब 19 महिलाएं ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर जा रही थीं। जैसे ही वाहन बगदेवा मंदिर के पास पहुंचा, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से उतरकर खेत में पलट गई, जिससे उसमें सवार महिलाएं नीचे दब गईं और कई गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को उपचार के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में मथुरा निषाद, आरती निषाद, दिलीप निषाद, मिलौती निषाद, चमारू ऐवत, संगीता प्रजापति सहित कई लोग घायल हुए हैं। वहीं दो महिलाओं की मौत की सूचना मिली है। हालांकि मृतकों और घायलों की अंतिम एवं आधिकारिक सूची अभी पुलिस और अस्पताल प्रशासन द्वारा जारी नहीं की गई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद हिर्री पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में ट्रैक्टर चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
बरसात के मौसम में खेतों तक मजदूरों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में ले जाने की प्रथा एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। यह हादसा ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गंभीर तस्वीर भी सामने लाता है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
