21 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। किसानों के हितों से जुड़े मामलों में कृषि विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सिरगिट्टी स्थित होटल गोल्डन स्टे के प्रथम तल पर अवैध रूप से भंडारित कृषि आदानों का भंडाफोड़ किया। जिला प्रशासन और कृषि विभाग की संयुक्त कार्रवाई में करीब 14 हजार लीटर/किलोग्राम कीटनाशक दवाइयां और जैव उत्प्रेरक खाद जब्त कर उनके विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई।

कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं संचालक कृषि, रायपुर के निर्देशन में जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने पुष्ट सूचना के आधार पर यह छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान होटल के प्रथम तल पर भारी मात्रा में कृषि आदान अवैध रूप से संग्रहित पाए गए।

कार्रवाई में 4,610 लीटर पौध संरक्षण (कीटनाशक) दवाइयां तथा 9,611 किलोग्राम जैव उत्प्रेरक खाद बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में अवैध भंडारण की पुष्टि होने पर संदेहास्पद कृषि आदानों के नमूने लेकर अधिकृत प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कृषि कानूनों के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पूरे दिन चली कार्रवाई के दौरान जब्त सामग्री के विक्रय पर तत्काल प्रतिबंध लगाते हुए उसे गोदाम संचालक मनीष सिंह की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखा गया।

उप संचालक कृषि पी.डी. हथेश्वर ने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में नकली, अमानक और अवैध रूप से भंडारित कृषि आदानों के खिलाफ आगे भी लगातार सघन जांच अभियान और कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई में सहायक संचालक कृषि अनिल शुक्ला, कृषि निरीक्षक आर.एस. गौतम, उमेश कश्यप, खेमराज शर्मा, विजय एवं धीरज सहित कृषि विभाग का उड़नदस्ता दल मौजूद रहा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
