21 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 21 जुलाई 2026। खरीफ 2026 की तैयारियों को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिला स्तरीय पर्यवेक्षण समिति (डीएलएमसी) की बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों, बैंकों और मैदानी अमले को निर्देश दिए कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ा जाए। साथ ही बैंकों को 100 प्रतिशत किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सैचुरेशन सुनिश्चित करने और पात्र किसानों को अनावश्यक रूप से ऑप्ट-आउट नहीं करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि खरीफ 2026 के लिए जिले में धान, मक्का, उड़द, मूंग, अरहर, मूंगफली, कोदो, कुटकी और रागी फसलें अधिसूचित हैं। किसानों को बीमित राशि का केवल 2 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा, जबकि शेष प्रीमियम केंद्र और राज्य सरकार वहन करेगी। अऋणी किसान आधार कार्ड, बैंक पासबुक, बी-1, पी-2 और फसल बुवाई प्रमाण-पत्र के साथ सीएससी, बैंक या लोक सेवा केंद्र में बीमा करा सकते हैं। फसल नुकसान होने पर 72 घंटे के भीतर कृषि रक्षक पोर्टल या टोल-फ्री नंबर 14447 पर सूचना देना अनिवार्य होगा।
21 जुलाई 2026 तक जिले के 5,711 किसानों ने फसल बीमा कराया है। वहीं खरीफ 2025 में 45,382 किसानों को 1.13 करोड़ रुपये से अधिक की दावा राशि मिली थी। संभावित अल-नीनो और अनियमित वर्षा को देखते हुए कलेक्टर ने किसानों से 31 जुलाई की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द फसल बीमा कराने की अपील की।
