21 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:शासकीय लाला लाजपत राय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खपरगंज में मंगलवार को सरस्वती साइकिल वितरण एवं निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर विधायक श्री अमर अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि महापौर श्रीमती पूजा विधानी, भाजपा कार्यकर्ता श्री दीपक साहू तथा एस.एम.डी.सी. अध्यक्ष श्री श्रीकांत साहरे ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अनामिका तिवारी, विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, पालकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत पात्र छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं, वहीं विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया।

अपने संबोधन में विधायक श्री अमर अग्रवाल एवं महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और कड़ी मेहनत को सफलता की कुंजी बताते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि शासन की छात्र हितैषी योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी तक बेहतर शिक्षा और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी छात्र-छात्रा संसाधनों के अभाव में अपनी पढ़ाई से वंचित न रहे।

भाजपा कार्यकर्ता श्री दीपक साहू एवं एस.एम.डी.सी. अध्यक्ष श्री श्रीकांत साहरे ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताया।
कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ तथा अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह ने छात्र-छात्राओं के चेहरों पर नई उम्मीद और आत्मविश्वास की मुस्कान बिखेर दी।
