21 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमुली में एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। मोटरसाइकिल को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। शराब के नशे में घर पहुंचे बेटे ने पिता से विवाद शुरू किया, लेकिन गुस्से में पिता ने ऐसा कदम उठा लिया कि अपना ही जवान बेटा हमेशा के लिए मौत की नींद सो गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक विजेंद्र कुमार श्रीवास (30 वर्ष) शराब पीकर घर पहुंचा और मोटरसाइकिल बनवाने व उसे अपने पास रखने की बात को लेकर पिता मोहित श्रीवास (56 वर्ष) से बहस करने लगा। पिता ने मोटरसाइकिल के पैसे मांगे तो विवाद बढ़ गया। गाली-गलौज के बीच गुस्साए पिता ने डंडे से बेटे के सिर पर जोरदार वार कर दिया।

सिर पर गंभीर चोट लगने से विजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस घटनास्थल पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर | प्रधान संपादक
