21 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। बिलासपुर जिले सहित छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय वरिष्ठ कांग्रेस नेता, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक एवं जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक-3 बिलासपुर के मार्गदर्शक श्री त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों वार्डों, दर्जनों ग्रामों तथा बिलासपुर महानगर में लगातार हो रही बारिश से उत्पन्न गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से वर्षा प्रभावित परिवारों के लिए व्यापक स्तर पर सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण बेलतरा विधानसभा क्षेत्र और बिलासपुर महानगर में भारी तबाही मची है। अनेक लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, लोगों के सामने भोजन की समस्या उत्पन्न हो गई है तथा फसल और पशुधन को भी भारी नुकसान पहुंचा है। विशेष रूप से निम्न वर्गीय एवं मध्यम वर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति पर इसका गहरा असर पड़ा है और उनका जीवन संकट में आ गया है।
श्री त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों का व्यापक सर्वे कर उन्हें पर्याप्त मुआवजा राशि प्रदान की जाए, ताकि वे इस कठिन समय में अपने नुकसान की भरपाई कर सकें और उन्हें आर्थिक संबल मिल सके। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार का दायित्व है कि वह एक अभिभावक की भूमिका निभाते हुए प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी रहे और हर संभव सहयोग प्रदान करे।
उन्होंने कहा कि विगत चार-पांच दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण बेलतरा विधानसभा क्षेत्र और बिलासपुर महानगर के हजारों-लाखों लोग प्रभावित हुए हैं तथा जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। इस परिस्थिति को देखते हुए राज्य सरकार को तत्काल राहत एवं मुआवजा की घोषणा कर प्रभावित परिवारों की सहायता करनी चाहिए।
