21 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। रिश्तों में आई दरार के बाद बदले की भावना में एक युवती के निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर उसकी प्रतिष्ठा धूमिल करने वाले आरोपी को तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पीड़िता का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर उसके ही स्टेटस पर निजी वीडियो और एडिट किए गए फोटो अपलोड कर दिए थे। विरोध करने पर उसने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को पीड़िता ने थाना तोरवा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उसका पूर्व परिचित प्रशांत राज दोनों के निजी पलों के फोटो और वीडियो अपने पास रखे हुए था।
बाद में उसने बदनाम करने की नीयत से व्हाट्सएप अकाउंट से छेड़छाड़ कर निजी वीडियो और एडिट किए गए फोटो पीड़िता के स्टेटस पर अपलोड कर वायरल कर दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह ने तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान आरोपी प्रशांत राज (23 वर्ष), निवासी ग्राम खैरा, थाना रतनपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 395/2026 में धारा 77, 351(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा धारा 66(ई) एवं 67(ए) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
21 जुलाई 2026 को आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है और अन्य पहलुओं पर विस्तृत विवेचना जारी है।
