
रायगढ़:रायगढ़ पुलिस ने आमाघाट रोड पर ट्रक और ट्रेलर चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तमनार पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया। आरोपी सड़क पर वाहनों पर पत्थरबाजी कर ट्रकों को रोकते थे और चालक-परिचालकों से मारपीट कर मोबाइल व नकदी लूट लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक बाइक जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 2 जून की रात ट्रक चालक रोहित कुमार पासवान जब आमाघाट क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी कुछ युवकों ने ट्रक पर पत्थरबाजी की। शीशा टूटने से चालक घायल हो गया। वाहन रोकने पर आरोपी ट्रक के केबिन में चढ़ा और उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गया।
शिकायत के बाद तमनार पुलिस ने जांच शुरू की और ग्रामीणों की सूचना पर ग्राम देलारी निवासी रघुनाथ चौहान व शिव कुमार अघरिया को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों प्रवीण राठिया, जय किशन सोनार और किशन कंवर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
जांच में सामूहिक रूप से मारपीट और लूट की पुष्टि होने पर पुलिस ने प्रकरण में डकैती की गंभीर धारा जोड़ते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि वाहन चालकों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा लूटपाट और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
