
रायगढ़ पुलिस ने बहुचर्चित हुंकराडीपा ट्रेलर डकैतीकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 माह से फरार चल रहे आरोपी अजय गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र से धरदबोचा। गिरफ्तारी विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत की गई, जो जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अजय गोस्वामी (32 वर्ष) ट्रेलर लूटकांड में शामिल नौ सदस्यीय गिरोह का हिस्सा था। आरोपी अपने पिता, भाइयों और अन्य साथियों के साथ मिलकर पांच ट्रेलर वाहनों की लूट में शामिल था। वारदात के बाद ट्रेलर वाहनों को ओडिशा ले जाकर छिपा दिया गया था। घटना के महज 24 घंटे के भीतर रायगढ़ पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अजय गोस्वामी और एक अन्य आरोपी फरार चल रहे थे।
बताया गया कि फरारी के दौरान आरोपी के विरुद्ध न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया था, जिसके आधार पर गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। थाना तमनार पुलिस ने पूर्व में भी आरोपी की तलाश में उसके ठिकानों पर दबिश दी थी, लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा देता रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव पहुंचा है, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल कोरबा रवाना हुई और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
ऐसे हुई थी वारदात:18 अगस्त 2025 को रायगढ़ निवासी संजय पटेल ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने एसबीआई कोरबा शाखा से नीलामी के जरिए चार ट्रेलर वाहन खरीदे थे, जो सुगोई ट्रांसपोर्ट में संचालित थे। उसी रात तमनार क्षेत्र के हुंकराडीपा के पास बदमाशों ने ट्रेलर वाहन लूट लिया और चालक व अन्य ड्राइवरों के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए थे।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ट्रेलरों का पूर्व मालिक अमन गोस्वामी इस पूरी साजिश का मुख्य सूत्रधार था। पुलिस ने अपराध क्रमांक 170/2025 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी।
जांच में रायगढ़ और ओडिशा में दबिश देकर हमीरपुर (ओडिशा) स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप खेत में छिपाकर रखे गए चारों ट्रेलर बरामद किए गए थे। पुलिस ने अमन गोस्वामी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी स्विफ्ट डिजायर कार और कैम्पर वाहन में सवार होकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर चार ट्रेलर वाहन, चार मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार सहित कुल 1 करोड़ 56 लाख 24 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की थी।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी
अमन गोस्वामी (कुसमुंडा, कोरबा)
नारद गोस्वामी (कुसमुंडा, कोरबा)
जितेंद्र गिरी (सुंदरगढ़, ओडिशा)
मनीष प्रकाश केंवट (जांजगीर-चांपा)
लेखराम केंवट (जांजगीर-चांपा)
रामरतन पटेल (जांजगीर-चांपा)
कुंजराम पटेल (जांजगीर-चांपा)
आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
