
रायगढ़/खरसिया:खरसिया पुलिस ने लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवक से लिफ्ट लेने के बहाने उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर जान से मारने की धमकी देते हुए 35 हजार रुपये लूट लिए थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शेष नकदी और दो मोबाइल फोन बरामद कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिंघरा थाना मालखरौदा जिला सक्ती निवासी संजय सिंह सिदार (30 वर्ष) ने चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 29 मई को शादी कार्ड लेने और बैंक से रुपये निकालने खरसिया आया था। उसने एचडीएफसी बैंक के एटीएम से 35 हजार रुपये निकाले, जिसके बाद वह शराब भट्टी गया।
इसी दौरान उसकी मुलाकात छोटू उर्फ विक्की उर्फ विकेश्वर चौहान से हुई, जिसने साथ चलने की बात कही। पीड़ित उसे अपनी मोटरसाइकिल में बैठाकर बंधवा तालाब स्थित पीपल पेड़ के पास पहुंचा, जहां पहले से मौजूद द्वारिका चौहान और राहुल सिदार मौजूद थे। आरोप है कि तीनों ने मिलकर युवक को धमकाया और उसके पास रखे 35 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना से डरा-सहमा पीड़ित घर पहुंचा और परिजनों को पूरी जानकारी देने के बाद चौकी खरसिया में शिकायत दर्ज कराई। मामले में अपराध क्रमांक 263/2026 के तहत धारा 309(4), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी खरसिया के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने टीम के साथ संदिग्धों की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर पुलिस ने छोटू उर्फ विक्की उर्फ विकेश्वर चौहान, द्वारिका चौहान और राहुल सिदार को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि लूटी गई 35 हजार रुपये की रकम में से 32 हजार 500 रुपये शराब और अन्य खर्चों में उड़ा दिए गए। आरोपियों के कब्जे से शेष 2 हजार 500 रुपये नकद तथा घटना से संबंधित दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की कार्रवाई में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
