20 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़: गैलेक्सी मॉल के बिजली ट्रांसफार्मर से बार-बार हो रही तांबे के अर्थिंग वायर की चोरी का रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों, दो महिला आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने करीब 12 किलोग्राम तांबे का अर्थिंग वायर, जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये है, बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दोनों बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, गैलेक्सी मॉल में एकाउंटेंट शिव राज कुमार साहू ने 18 जुलाई को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मॉल के पीछे स्थापित बिजली ट्रांसफार्मर से जुड़े अर्थिंग वायर की लगातार चोरी हो रही थी। 15 जुलाई की सुबह करीब 10 मीटर लंबा और 12 किलो वजनी तांबे का अर्थिंग वायर अज्ञात चोर काटकर ले गए थे।
शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सादे कपड़ों में कार्रवाई करते हुए दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने निशा सारथी और रजनी सारथी के साथ मिलकर चोरी करना तथा चोरी का तांबा गुड्डू उर्फ रमेश सारथी को बेचने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए खरीदार आरोपी के कब्जे से चोरी गया पूरा 12 किलो तांबे का अर्थिंग वायर बरामद कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों महिला आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई से कोतवाली पुलिस ने न केवल बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया, बल्कि चोरी का पूरा माल भी बरामद कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से ट्रांसफार्मर चोरी की लगातार हो रही घटनाओं पर भी प्रभावी रोक लगने की उम्मीद है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
