20 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर/रतनपुर। रतनपुर के व्यस्त शनिचरी चौक में धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक आदतन बदमाश को रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि शनिचरी चौक के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल पुलिस टीम गठित कर मौके पर रवाना किया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सोम मरावी (19 वर्ष), निवासी जुनाशहर, रतनपुर को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल सिंह, पवन ठाकुर एवं धीरज कश्यप की विशेष भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
