20 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़ पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर सेल, कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 5 शातिर बाइक चोरों और चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख रुपये मूल्य की तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली कि सत्तीगुड़ी चौक निवासी आयुष दास महंत चोरी की बाइक चला रहा है। हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से तीन मोटरसाइकिलें चोरी करना कबूल कर लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने चोरी की बाइक बेहद कम कीमत पर बेच दी थीं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बजाज CT-100, होंडा SP-125 और हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद कर ली। जांच में चोरी की बाइक खरीदकर छिपाने वाले दो आरोपियों की भूमिका भी सामने आई, जिन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने इस मामले में चोरी के साथ-साथ चोरी की संपत्ति खरीदने, छिपाने और अपराध में सहभागिता की धाराएं भी जोड़ते हुए सभी सात आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी
आयुष दास महंत
विष्णु राठिया
जलधर कुंवर
अमन खड़िया
अमित भोय
दशरथ खड़िया (चोरी की बाइक खरीदने वाला)
नरसिंग चौहान (चोरी की बाइक खरीदने वाला)
बरामदगी
चोरी की 3 मोटरसाइकिलें
अनुमानित कीमत: करीब ₹1 लाख
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
“रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। चोरी करने वाले ही नहीं, बल्कि चोरी का माल खरीदने वालों पर भी समान रूप से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
