20 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। विशेष गृह (प्लेस ऑफ सेफ्टी) में चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की हत्या और चार किशोर अपचारियों के फरार होने के सनसनीखेज मामले में बिलासपुर पुलिस ने बड़ा बयान जारी किया है। पुलिस का कहना है कि घटना को अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए पहले ही दिन थाना सरकण्डा में अपराध दर्ज कर विशेष जांच शुरू कर दी गई थी। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें रायगढ़, कोरबा, बिहार, अनूपपुर और उत्तर प्रदेश में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि महत्वपूर्ण सुराग मिल चुके हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति में यह भी स्पष्ट किया है कि घटना के बाद कुछ तथाकथित युवा मृतक के परिजनों को ऐसे आश्वासन और मांगों के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जिनका किसी भी कानूनी प्रावधान में कोई आधार नहीं है। प्रशासन ने घटना के दिन से ही शासन के नियमों के अनुसार सहायता और मुआवजा प्रक्रिया शुरू कर दी थी, इसके बावजूद कुछ लोग पर्दे के पीछे से धरना-प्रदर्शन जारी रखने के लिए परिवार को प्रभावित कर रहे हैं।
बिलासपुर पुलिस ने ऐसे लोगों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि जो लोग परिजनों को बरगला रहे हैं, न्यूसेन्स फैला रहे हैं और जिनका आपराधिक रिकॉर्ड है तथा जो फिलहाल जमानत पर हैं, उनके खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। ऐसे सभी आरोपियों की जमानत निरस्त कराने के लिए संबंधित न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी बताया कि मृतक के परिवार और धरनास्थल पर मौजूद लोगों को लगातार शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और धरना समाप्त करने के लिए समझाइश दी जा रही है। 18 जुलाई को मृतक की पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर अनुभागीय अधिकारी (राजस्व) के निर्देश पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। डॉक्टरों की सलाह के बाद तहसीलदार और थाना प्रभारी सरकण्डा की समझाइश पर उन्हें देर रात सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बिलासपुर पुलिस ने दोहराया है कि मृतक के परिवार के प्रति पूरी संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष, पारदर्शी और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
