19 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर/रतनपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पौधारोपण कार्य की निगरानी कर रही महिला सुपरवाइजर की दर्दनाक मौत के मामले में रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने सड़क पर कार्य चलने की जानकारी होने के बावजूद तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए महिला को टक्कर मार दी और करीब 20 मीटर तक घसीटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को प्रार्थी प्रदीप कोशले, निवासी भरवीडीह (थाना रतनपुर) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी भाई-बहू महिमा कोशले राष्ट्रीय राजमार्ग के ओछिनापारा रतनपुर ओवरब्रिज के पास डिवाइडर में चल रहे पौधारोपण कार्य की सुपरवाइजर थीं। दोपहर करीब 1 बजे बिलासपुर की ओर से आ रहे ट्रेलर क्रमांक BR-03GC-9045 के चालक ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए महिमा कोशले को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि महिमा कोशले ट्रेलर के नीचे फंस गईं और करीब 20 मीटर तक घसीटती चली गईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रतनपुर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपी चालक शिवकुमार साव (32 वर्ष), निवासी गढ़वा, झारखंड को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक नरेश गर्ग, आरक्षक पवन ठाकुर एवं धीरज कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
