19 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर|कोटा। बिलासपुर जिले की कोटा पुलिस ने महज कुछ घंटों में 25 लाख रुपये की चोरी की गुत्थी सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि पीड़ित के अपने ही नाती ने की थी।
पुलिस ने वैज्ञानिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले का खुलासा करते हुए चोरी गए सभी सोने-चांदी के आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को मौहारखार निवासी एक व्यक्ति ने फोन पर सूचना दी कि उसके घर में अज्ञात चोर घुसकर लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया है।
सूचना मिलते ही कोटा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर संदेह प्रार्थी के नाती पर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर झुमका, नेकलेस, मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, नोज पिन, पायल, करधन, बिछिया, चांदी के सिक्के, चांदी की कटोरी सहित करीब 25 लाख रुपये के सभी आभूषण बरामद कर लिए गए।हालांकि, आरोपी परिवार का सदस्य होने के कारण प्रार्थी ने उसके विरुद्ध अपराध दर्ज कराने से इनकार कर दिया।
परिवार के सभी सदस्यों ने आपसी सहमति से स्टाम्प पेपर पर लिखित आवेदन देकर किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करने की इच्छा जताई। इसके चलते मामला पारिवारिक सहमति के आधार पर समाप्त किया गया।
